नीट अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में रास में हंगामा जारी, बैठक दो बजे तक स्थगित
नीट अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में रास में हंगामा जारी, बैठक दो बजे तक स्थगित
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज किए जाने के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार को एक बार के स्थगन के बाद दूसरी बार दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
हंगामे के कारण उच्च सदन में आज शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।
पूर्वाह्न ग्यारह बजे बैठक शुरू होने के बाद हंगामे के कारण इसे दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित किया गया। दोपहर बारह बजे बैठक फिर शुरू होने पर सदन में वही नजार देखने को मिला। शोरगुल के बीच ही राज्यसभा के महासचिव पी. सी. मोदी ने लोकसभा का एक संदेश सदन में पढ़कर सुनाया।
उन्होंने सदन को बताया कि लोकसभा ने सोमवार की अपनी बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर राज्यसभा से लाभ के पद संबंधी संयुक्त समिति में दो सदस्यों के निर्वाचन की सिफारिश की है। यह निर्वाचन एन. आर. एलांगो और दीपक प्रकाश के सेवानिवृत्त होने के कारण हुई रिक्तियों को भरने के लिए किया जाना है।
इसके बाद सभापति ने प्रश्नकाल शुरू कराना चाहा। लेकिन हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन में प्रश्नकाल नहीं हो पाया।
इससे पहले, पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदन में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।
इस दौरान खरगे ने कुछ कहना चाहा। सभापति ने उन्हें अपनी बात रखने की अनुमति दी।
खरगे ने कहा कि नीट पेपर लीक को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और यह सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
उनकी बात पूरी नहीं हो पाई थी कि आपत्ति जताते हुए सत्ता पक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर विपक्षी सदस्यों ने भी हंगामा शुरू कर दिया।
सदन में हंगामे के बीच सभापति राधाकृष्णन ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी और शून्यकाल नहीं हो पाया।
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ और नीट पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण कल भी सदन में कोई महत्वपूर्ण विधायी कामकाज नहीं हो पाया था।
भाषा
मनीषा माधव
माधव

Facebook


