पीलीभीत (उप्र), तीन मार्च (भाषा) पीलीभीत जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पीलीभीत-पूर्णपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गजरौला थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि यह हादसा तड़के करीब चार बजे जरा चौकी के पास एक पेट्रोल पंप के निकट हुआ जब एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी, जबकि दूसरा ट्रक बगल से एक अन्य ट्रक से जा टकराया, जिससे चारों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गए।
उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक पर सवार 45 वर्षीय मजदूर सोमपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में राजेंद्र सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर जरा पुलिस चौकी प्रभारी सौरभ धामा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को राजमार्ग से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
भाषा सं जफर
खारी
खारी