उप्र : बाराबंकी में न्यायालय परिसर से विचाराधीन कैदी फरार
उप्र : बाराबंकी में न्यायालय परिसर से विचाराधीन कैदी फरार
बाराबंकी, सात फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के जिला कारागार से पुलिस सुरक्षा में अदालत लाया गया एक विचाराधीन कैदी न्यायालय परिसर से शनिवार दोपहर पुलिस को लघुशंका जाने का बहाना बताकर चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह कैदी हत्या की सजा में बहस के दौरान दोषी पाया गया था। जिसे नौ फरवरी को अपर जिला न्यायाधीश राकेश कुमार की अदालत नंबर दो में हत्या के मामले में नौ फरवरी को सजा होनी थी।
पुलिस ने बताया कि अदालती कार्रवाई के दौरान 52 वर्षीय कैदी सूरज कुमार पुलिसकर्मियों से लघुशंका जाने का बहाना बनाकर अदालत परिसर से फरार हो गया। जो हत्या के मामले में दोषी है।
उस पर सोमवार को न्यायालय में सजा सुनाई जानी थी। वह जिले के थाना सुबेहा क्षेत्र के ग्राम भदौरिया का निवासी है। उस पर भादस की धारा 302 के तहत हत्या का मामला चल रहा है।
कैदी के भागने की सूचना मिलते ही जिले के शीर्ष अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से पता लगाने के निर्देश दिए। पुलिस अगल बगल के कैमरों को खंगाल रही है।
हत्या के अभियुक्त सूरज कुमार के अधिवक्ता राजकुमार सिंह ने बताया कि थाना सुबेहा ग्राम भदौरिया पुरवा निवासी सूरज ने आठ अगस्त 2016 को अपने चाचा की मारपीट कर हत्या कर दी थी।
एक वर्ष के भीतर ही उसकी जमानत हो गई थी तभी से वह लगातार पेशी पर न्यायालय आ रहा था। आज अदालत में उस पर हत्या का दोष सिद्ध हो गया था। नौ फरवरी 2026 को उसे सजा सुनाई जानी थी। इसी बीच वहां सुरक्षा में लगे पुलिस बल को लघुशंका जाने का बहाना बता कर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि फरार कैदी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गयी है।
जेल अधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि बंदी का नाम सूरज है। उसके साथ दो अन्य अभियुक्त भी थे। इस घटना के बाद अदालत परिसर में कैदियों की पेशी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
भाषा
सं, जफर
रवि कांत

Facebook


