उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में किया योगाभ्यास

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में किया योगाभ्यास

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में किया योगाभ्यास
Modified Date: June 21, 2026 / 03:13 pm IST
Published Date: June 21, 2026 3:13 pm IST

देहरादून, 21 जून (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि सरकार प्रदेश को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ काम कर रही है और इसके लिए देश की पहली योग नीति लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंपावत जिले के बनबसा में बड़ी संख्या में उपस्थित योग साधकों, सशस्त्र सीमा बल के जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास करने के बाद अपने संबोधन में योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की योग नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी और योग, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध व अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं और सभी आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बनबसा में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य शारदा नदी तट पर योग एवं आध्यात्मिक साधना को व्यापक रूप से बढ़ावा देना है।

धामी ने इस संबंध में बताया कि राज्य सरकार शारदा गलियारा परियोजना विकसित कर रही है, जिससे क्षेत्र को आध्यात्मिक और पर्यटन विकास की नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने बताया कि करीब 3300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत की जा चुकी है।

उन्होंने कहा, “ योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है।”

धामी ने वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों के बीच योग को एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली बताया।

उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम के नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं।

धामी ने विशेष रूप से युवाओं से योग को अपनाने और इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी उत्तराखंड को योग के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहयोग देंगे।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने देहरादून में लोगों के साथ योग किया और स्वस्थ उत्तराखंड का संकल्प लिया।

प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने योगाभ्यास किया।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में