देहरादून, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में छिटपुट स्थानों पर गरज, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड के विशेष रूप से 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज या बर्फबारी का अनुमान है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शाम के बुलेटिन में बताया कि राज्य के मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने का अनुमान है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया, “उत्तराखंड में अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।”
राज्य की राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 डिग्री सेल्सियस और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पंतनगर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
शनिवार सुबह उखीमठ (17.5 मिलीमीटर) और थाल (14.5 मिलीमीटर) में मध्यम से हल्की बारिश दर्ज की गई।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव