वीसीके सात मई की बैठक में लेगी निर्णय,वाम दलों और आईयूएमएल का टीवीके को समर्थन देने से इनकार

वीसीके सात मई की बैठक में लेगी निर्णय,वाम दलों और आईयूएमएल का टीवीके को समर्थन देने से इनकार

वीसीके सात मई की बैठक में लेगी निर्णय,वाम दलों और आईयूएमएल का टीवीके को समर्थन देने से इनकार
Modified Date: May 6, 2026 / 07:51 pm IST
Published Date: May 6, 2026 7:51 pm IST

चेन्नई, छह मई (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सहयोगी पार्टी वीसीके सात मई को अपने पदाधिकारियों की बैठक बुलाएगी जिसमें वह निर्णय लेगी कि टीवीके का समर्थन किया जाए या नहीं। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस बीच तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए टीवीके द्वारा राजनीतिक दलों से समर्थन मांगने के प्रयास किये जा रहे हैं।

वीसीके की बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख थोल थिरुमावलवन करेंगे।

थिरुमावलवन ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा, ‘‘विजय ने हमसे समर्थन मांगा है। हम अपनी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के विचार जानने के बाद निर्णय लेंगे।’’

हालांकि, टीवीके के आमंत्रण के बावजूद वाम दलों और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने विजय की पार्टी को समर्थन देने से इनकार कर दिया है।

विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करके 108 सीट हासिल की। हालांकि, सरकार बनाने के लिए उसे 10 और सीटों की आवश्यकता है।

‘विदुथलाई चिरुथैगल काची’ (वीसीके) ने दो सीटें जीती हैं। सूत्रों के अनुसार, टीवीके ने वीसीके से समर्थन मांगा है।

वीसीके ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।

वीसीके सांसद रविकुमार ने टीवीके से समर्थन मांगने वाला पत्र मिलने की पुष्टि की। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारे नेता (थिरुमावलवन) इस संबंध में निर्णय लेंगे और स्पष्टीकरण देंगे।’’

इस बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार आर चेल्लास्वामी और लता तथा भाकपा सदस्य टी रामचंद्रन और मरिमुथु, जिन्होंने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी, ने पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन से मुलाकात की।

इसी तरह, आईयूएमएल के नवनिर्वाचित विधायक सैयद फारूक बाशा एसएसबी और ए एम शाहजहां ने भी द्रमुक अध्यक्ष से मुलाकात की। बाद में माकपा, भाकपा और आईयूएमएल के विधायकों ने दोहराया कि वे द्रमुक के प्रति अपना समर्थन जारी रखेंगे।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में