उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रियों को शुभकामनाएं दीं
उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रियों को शुभकामनाएं दीं
नयी दिल्ली, 3 जुलाई (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा शुरू होने के मौके पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
तीर्थयात्रियों को लिखे दो पन्नों के पत्र में, मोदी ने उनसे पांच संकल्प लेने का आग्रह किया, जिसमें स्वच्छता बनाए रखना और जम्मू-कश्मीर में स्थानीय व्यवसायों का समर्थन करके ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देना शामिल है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से तीर्थयात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात आवाजाही से जुड़े निर्देशों का पालन करने के लिए भी कहा।
यह उल्लेख करते हुए कि यात्रा का समापन रक्षा बंधन पर होगा, उन्होंने तीर्थयात्रियों से हरियाली को बढ़ावा देने के लिए अपने भाई-बहनों को एक पौधा उपहार में देने को कहा। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार पर भी जोर दिया और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।
अमरनाथ यात्रा 2026, शुक्रवार से शुरू हो गई है और यह 28 अगस्त को समाप्त होगी।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज से शुरू हो रही श्री अमरनाथ जी यात्रा के अवसर पर, मैं इस पवित्र तीर्थयात्रा पर जाने वाले सभी भक्तों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूँ।’’
उन्होंने कहा कि यह यात्रा, भारत की सबसे प्रतिष्ठित और प्राचीन तीर्थयात्राओं में से एक है, जो भारत की शाश्वत आध्यात्मिक विरासत और विश्वास तथा भक्ति की स्थायी परंपराओं को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि सदियों से देश भर के श्रद्धालु अमरनाथ गुफा की इस पवित्र यात्रा पर आते रहे हैं, जो एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक जागृति के उन मूल्यों को दोहराती है, जो भारत के सभ्यतागत लोकाचार के मूल में हैं।
भाषा दिलीप पवनेश
पवनेश

Facebook


