वियतनाम: आंध्र प्रदेश के निवासी की पहली हवाई यात्रा आखिरी यात्रा साबित हुई
वियतनाम: आंध्र प्रदेश के निवासी की पहली हवाई यात्रा आखिरी यात्रा साबित हुई
हैदराबाद, 14 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले के हिंदूपुर निवासी और वियतनाम में हुए स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले रवि तेजा के लिए पहली हवाई यात्रा जीवन की आखिरी यात्रा साबित हुई।
रवि तेजा के चचेरे भाई अश्विन राज ने मंगलवार को बताया कि रवाना होने से एक दिन पहले हुई बातचीत में तेजा ने उनसे यात्रा के बारे में कई बातें पूछी थीं, क्योंकि उन्होंने इससे पहले कभी हवाई यात्रा नहीं की थी।
राज ने यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय (आरजीआई) हवाई अड्डे पर ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मेरे चचेरे भाई ने पहली बार विमान से यात्रा की थी। इससे पहले उन्होंने घरेलू या अंतरराष्ट्रीय किसी भी प्रकार की उड़ान का अनुभव नहीं लिया था।’’ इसी हवाई अड्डे पर मुंबई से आंध्र प्रदेश के तीन मृतकों के पार्थिव शरीर लाए गए।
उन्होंने बताया कि आठ जुलाई को वियतनाम रवाना होने से पहले उन्होंने रवि तेजा को यात्रा की शुभकामनाएं दी थीं।
राज ने कहा कि 11 जुलाई की शाम हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास की हेल्पलाइन से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद सरकारी अधिकारियों ने भी परिवार से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि रवि तेजा एक मोबाइल कंपनी के वितरक के रूप में कार्यरत थे।
वियतनाम के मीडिया की खबरों के अनुसार, शनिवार को हुए स्पीडबोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी।
मृतकों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के निवासी थे।
वियतनाम के समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के अनुसार, फू क्वोक द्वीप के निकट होन मे रुत नगोई क्षेत्र के पास 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार स्थानीय सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई थी। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


