हरियाणा में वायरल हेपेटाइटिस निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी, साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य

हरियाणा में वायरल हेपेटाइटिस निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी, साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य

हरियाणा में वायरल हेपेटाइटिस निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी, साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य
Modified Date: March 3, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: March 3, 2026 3:40 pm IST

चंडीगढ़, तीन मार्च (भाषा) हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीएचसीपी) के तहत वायरल हेपेटाइटिस की निगरानी, मामले सूचना और उसके उपचार को व्यापक रूप से मजबूत करने का निर्णय किया है।

स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने मंगलवार बताया कि इस पहल का उद्देश्य अनिवार्य अनुपालन सुनिश्चित करना, वास्तविक समय में डेटा का एकीकरण करना और ठोस परिणाम हासिल करना है, ताकि रोग की पहचान और उपचार में मौजूद कमियों को दूर किया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में मामलों की सूचना को लेकर व्यवस्था बंटी हुई है और मुख्य रूप से सरकारी संस्थानों तक सीमित है, जबकि निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और जांच प्रयोगशालाओं की भागीदारी पर्याप्त नहीं है।

मिश्रा ने रेखांकित किया कि हेपेटाइटिस बी और सी अधिसूचित रोग हैं, इसलिए उनकी निगरानी आंशिक नहीं रह सकती; इसे व्यापक, बाध्यकारी और परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा।

नए ढांचे के तहत सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को वायरल हेपेटाइटिस मामलों की साप्ताहिक रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में और तय समयसीमा के भीतर देनी होगी।

राज्य स्तर पर एक बाध्यकारी निर्देश जारी कर जिलावार जिम्मेदारियां तय की जाएंगी, ताकि आंकड़ों की पूर्णता और शुचिता सुनिश्चित हो सके।

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में