दिल्ली में हत्या के दो मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में हत्या के दो मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में हत्या के दो मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: August 6, 2026 / 05:12 pm IST
Published Date: August 6, 2026 5:12 pm IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली में हत्या के दो मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह चार महीने से फरार था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी लवकुश उर्फ जीतू (27) मार्च से फरार था और हत्या के दो मामलों और चोट पहुंचाने के एक मामले में वांछित था।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को उसे द्वारका मोड़ इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि फरार रहने के दौरान वह गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न शहरों में छुपता रहा और जुलाई में एक अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।

पुलिस के अनुसार, मामला 29 मार्च को डाबड़ी के मधु विहार में हुई चाकूबाजी की घटना से संबंधित है, जहां स्थानीय प्रतिद्वंद्विता और वर्चस्व संबंधी विवाद को लेकर चार लोगों ने कथित तौर पर हनी, अनीस और रोहित कश्यप पर हमला किया था। घटना में हनी की मृत्यु हो गई।

पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से भागते समय आरोपियों ने एक ऑनलाइन मंच के लिए सामान पहुंचाने का काम करने वाले व्यक्ति की बाइक छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर उसकी भी चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस मामले में मृतक की पहचान गोविंद झा के तौर पर हुई थी।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में तीन सह-आरोपियों रोहित उर्फ नोडी, हिमांशु उर्फ प्रेम और समीर को जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने आरोप लगाया कि लवकुश ने हमले में इस्तेमाल चाकू की व्यवस्था की थी और अब तक पुलिस को चकमा दे रहा था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपी पहले हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, शस्त्र अधिनियम के मामलों समेत नौ आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में