देश में हमारे 664 विधायक, जिनमें 78 प्रतिशत हिंदू और 12 प्रतिशत मुस्लिम: कांग्रेस

देश में हमारे 664 विधायक, जिनमें 78 प्रतिशत हिंदू और 12 प्रतिशत मुस्लिम: कांग्रेस

देश में हमारे 664 विधायक, जिनमें 78 प्रतिशत हिंदू और 12 प्रतिशत मुस्लिम: कांग्रेस
Modified Date: May 6, 2026 / 05:13 pm IST
Published Date: May 6, 2026 5:13 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दुष्प्रचार फैलाने तथा वोटों को धार्मिक रंग में रंगने का आरोप लगाया और कहा कि देश में उसके 664 विधायक हैं जिनमें लगभग 78 प्रतिशत हिंदू तथा 12 प्रतिशत मुसलमान हैं।

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब सोशल मीडिया मंचों पर भाजपा के कई समर्थकों ने असम, पश्चिम बंगाल और केरल में कांग्रेस से कई मुस्लिम उम्मीदवारों के निर्वाचित होने का हवाला देते हुए दावा किया है कि अब कांग्रेस ‘‘नई मुस्लिम लीग’’ है।

खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा कहती है कि उसे मुस्लिम वोटों की जरूरत नहीं है। भाजपा ने मुस्लिम वोटरों को ठुकराया और मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा को ठुकरा दिया। मुसलमानों ने भाजपा जैसी तथाकथित मुस्लिम पार्टियों को भी ठुकराया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी (कांग्रेस) को वोट दिया। इसमें क्या दिक्कत है?’’

उन्होंने कहा कि भाजपा वोटों को भी अलग-अलग रंग से रंगने की कोशिश कर रही है, जिसकी संविधान में इजाजत नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘देश में कांग्रेस के 664 विधायक हैं जिनमें करीब 78 प्रतिशत हिंदू और 12 प्रतिशत मुस्लिम विधायक है। लगभग यही अनुपात इन समुदायों की आबादी का है। मुझे शर्म आती है कि हम एक ऐसे में दौर में हैं कि ऐसी बातें करनी पड़ रही हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व दिया है। यही लोकतंत्र है और यही असल में ‘सबका साथ, सबका विकास’ है।’’

खेड़ा ने दावा किया कि भाजपा देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों महिलाओं को कमजोर करना तथा संविधान बदलना चाहती है।

भाषा हक हक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में