पश्चिम एशिया संघर्ष: भारत ने ‘गंभीर चिंता’ जताई, तत्काल तनाव घटाने की अपील की
पश्चिम एशिया संघर्ष: भारत ने ‘गंभीर चिंता’ जताई, तत्काल तनाव घटाने की अपील की
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) भारत ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर सोमवार को ‘‘अत्यधिक चिंता’’ व्यक्त की तथा क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए जारी वार्ता शीघ्र संपन्न करने की अपील की।
भारत ने तनाव तत्काल घटाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।
ईरान द्वारा उत्तरी इजराइल पर मिसाइलें दागे जाने के बाद इजराइल ने पश्चिमी और मध्य ईरान में हवाई हमले किये हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में हुए ताजा हमलों पर भारत गहरी चिंता व्यक्त करता है। ये घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए अत्यंत चिंता का विषय हैं।’’
मंत्रालय ने वैश्विक अर्थव्यवस्था, विशेषकर ऊर्जा आपूर्ति पर इस संघर्ष के प्रभावों का भी उल्लेख किया।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह संघर्ष 100 दिनों से अधिक समय से चल रहा है और इससे जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इसका वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर भी गंभीर प्रभाव पड़ा है।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम सभी पक्षों से तत्काल तनाव घटाने, यह सुनिश्चित करने की अपील करते हैं कि नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी बातचीत संपन्न की जाए ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके।’’
अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद, पहली बार तनाव अत्यधिक बढ़ने के बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इजराइल से एक-दूसरे पर हमला बंद करने का आग्रह किया है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


