कोलकाता, 21 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के बारानगर में शनिवार को चुनाव प्रचार के पोस्टर और होर्डिंग को कथित रूप से फाड़े जाने को लेकर भाजपा एवं तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि यह घटना भाजपा उम्मीदवार सजल घोष और तृणमूल प्रत्याशी सायंतिका बंद्योपाध्याय की उपस्थिति में निर्वाचन क्षेत्र में टोबिन रोड चौराहे पर हुई।
केंद्रीय बलों और पुलिस कर्मियों को स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा क्योंकि दोनों पक्षों के सैकड़ों समर्थक इकट्ठा हो गए थे और एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी की गई, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया।
बंद्योपाध्याय ने पत्रकारों से कहा, ‘‘घोष बारानगर में बाहरी लोगों और असामाजिक तत्वों को लेकर आए तथा वहां की शांतिपूर्ण कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने हमारे कार्यकर्ताओं को पीटा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसा होने नहीं देंगे। हम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेंगे।’’
घोष ने आरोप लगाया कि बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में तृणमूल समर्थकों ने भाजपा द्वारा चुनाव प्रचार के लिए लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग फाड़ दिए तथा पार्टी समर्थकों को डराने-धमकाने की कोशिश की।
लगभग एक घंटे तक चले हंगामे के बाद, सुरक्षा बल दोनों पक्षों को तितर-बितर करने में कामयाब हुए।
इस हंगामे के परिणामस्वरूप व्यस्त बीटी रोड-टोबिन रोड चौराहे पर यातायात घंटों तक बाधित रहा।
भाषा राजकुमार माधव
माधव