पश्चिम बंगाल: भाजपा सांसद राजू बिस्ता ने काफिले पर हमले का दावा किया, जांच शुरू
पश्चिम बंगाल: भाजपा सांसद राजू बिस्ता ने काफिले पर हमले का दावा किया, जांच शुरू
कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजू बिस्ता ने शनिवार शाम दावा किया कि उनके काफिले पर उस समय हमला किया गया, जब वह दार्जिलिंग के मसधुरा इलाके से गुजर रहा था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में भाजपा ने जोरेबंगलो पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दार्जिलिंग से सांसद बिस्ता ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज सुखिया पोखरी के पास मसधुरा में मेरे काफिले पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। हालांकि, उन कायरों ने मुझे निशाना बनाया था, लेकिन हमले का असर मेरे ठीक पीछे वाले वाहन पर पड़ा। हमारे क्षेत्र के लिए एक वार्ताकार की घोषणा के बाद हुए इस हमले का समय बेहद संदिग्ध है। यह हमारे क्षेत्र में शांति भंग करने की साजिश की ओर इशारा करता है।’’
पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक पत्थर उस गाड़ी पर लगा, जिसमें बिस्ता के करीबी सहयोगी और भाजपा कार्यकर्ता संजीव लामा बैठे थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम मामले की जांच कर रहे हैं।’’
भाषा अमित पारुल
पारुल

Facebook


