बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से पहले कोलकाता में सुरक्षा कड़ी की गई

बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से पहले कोलकाता में सुरक्षा कड़ी की गई

बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से पहले कोलकाता में सुरक्षा कड़ी की गई
Modified Date: May 9, 2026 / 11:22 am IST
Published Date: May 9, 2026 11:22 am IST

कोलकाता, नौ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के पहले शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व शनिवार को कोलकाता के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित शुभेंदु अधिकारी के आवास, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

यहां अधिकारी के चिनार पार्क स्थित आवास के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात देखे गए।

आरसीटीसी ग्राउंड पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समारोह में शामिल होने से पहले यहां उतरने की संभावना है।

नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के स्थल ‘ब्रिगेड परेड ग्राउंड’ पर केंद्रीय बलों और कोलकाता पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

शहर में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर भी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात किए गए हैं।

भाजपा ने राज्य के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जिससे तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के लंबे शासन को अंत हो गया है।

इस बीच, शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर बंगाल और पड़ोसी राज्यों, यथा- झारखंड से भाजपा के समर्थक यहां पहुंचने लगे हैं।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में