पश्चिम बंगाल ने स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया
पश्चिम बंगाल ने स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया
कोलकाता, 13 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी।
विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि ये बदलाव ‘सभी पूर्व आदेशों को निरस्त करते हुए’ किए गए हैं।
आदेश के मुताबिक सचिव शुभंजन दास को आयुष्मान भारत-पीएमजेएवाई, स्वास्थ्य साथी और दवाओं और उपकरणों से संबंधित मामलों का प्रभार सौंपा गया है। साथ ही चिकित्सा महाविद्यालयों में चिकित्सा शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास की देखरेख का जिम्मा भी उन्हें दिया गया है।
इसके मुताबिक एक अन्य सचिव, शरद कुमार द्विवेदी अब तृतीयक कैंसर केंद्रों, आयुष, आईटी सेवाओं, रणनीतिक योजना और सार्वजनिक-निजी भागीदारी प्रस्तावों से संबंधित परियोजनाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सचिव मौमिता गोदारा बसु को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, परिवार कल्याण और राज्य भर में अस्पताल प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें जिला, उप-मंडल और सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल हैं।
वह ग्रामीण अवसंरचना विकास कोष (आरआईडीएफ), विश्व बैंक की योजनाओं और 15वें वित्त आयोग के तहत परियोजनाओं के अलावा डेंगू और मलेरिया से संबंधित सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी जिम्मेदारी संभालेंगी।
वरिष्ठ विशेष सचिव के राधिका अय्यर को पश्चिम बंगाल राज्य एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण समिति और राज्य रक्त आधान परिषद का प्रभार दिया गया है, जबकि वरिष्ठ विशेष सचिव सुदेशना गुप्ता लेखापरीक्षा मामलों, आरटीआई अपीलीय प्राधिकरण की जिम्मेदारियों और चिकित्सा परिषद से संबंधित मामलों को संभालेंगी।
एक अन्य वरिष्ठ विशेष सचिव, चैताली चक्रवर्ती सामान्य प्रशासन, विधानसभा और संसदीय मामलों, परिवहन, लॉजिस्टिक और प्रोटोकॉल के साथ-साथ पश्चिम बंगाल मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (डब्ल्यूबीएमएससीएल) के प्रबंध निदेशक के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगी।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


