जब कोई नाम के आगे मोहम्मद लगा लेता है तो कांग्रेस के युवराज उसे अपने महल में बुला लेते हैं: धामी

Ads

जब कोई नाम के आगे मोहम्मद लगा लेता है तो कांग्रेस के युवराज उसे अपने महल में बुला लेते हैं: धामी

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 09:41 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 09:41 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

देहरादून, 26 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब कोई अपने नाम के आगे मोहम्मद लगा लेता है तो वह उसे अपने महल में बुला लेते हैं लेकिन वैसे उन्हें मुस्लिम महिलाओं की पीड़ा से कोई मतलब नहीं है।

पौड़ी जिले के बिलखेत में तीन दिवसीय ‘नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल —2026’ का उदघाटन करने के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कोटद्वार के मोहम्मद दीपक का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘जब कोई अपने नाम के आगे मोहम्मद लगा लेता है तो कांग्रेस के युवराज (राहुल गांधी) उसे अपने महल में बुला लेते हैं और अपने समर्थकों से ऐसे लोगों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन करवाते हैं। जब तक वह दीपक था, आपने उसे नहीं बुलाया लेकिन जैसे ही उसने अपने नाम के आगे मोहम्मद लगाया, उसे आपने बुला लिया।’’

कोटद्वार में एक दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से मशहूर जिम संचालक दीपक कुमार से गांधी ने नयी दिल्ली में मुलाकात की थी।

गांधी पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि मुस्लिम समाज में कई प्रकार की कुरीतियों से पीड़ित महिलाओं का उन्होंने हाल जानने की कभी कोशिश नहीं की और न ही उनकी पीड़ा के बारे में कुछ कहा ।

धामी ने कहा, ‘‘अब कांग्रेस के युवराज बताएं कि उन्होंने तीन तलाक, हलाला, बहुविवाह, इद्दत जैसी कुरीतियों से पीड़ित हमारी मुस्लिम बहनों में से किसी का हाल जाना या मुस्लिम समुदाय में व्याप्त कुरीतियों पर (कुछ कहा)? उनके मुंह पर ताला लगा हुआ था, उन्होंने कभी कुछ नहीं बोला ।’’

उन्होंने कहा कि जब वह राज्य में विभिन्न जगहों पर जाते हैं तो मुस्लिम महिलाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उनके द्वारा लाए गए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लिए उनका आभार व्यक्त करती हैं और कहती हैं कि उससे उन्हें कुरीतियों से मुक्ति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस और गांधी को बताना चाहते हैं कि उत्तराखंड देवभूमि हैं जहां का बच्चा-बच्चा राष्ट्रवाद के साथ बड़ा होता है और यहां उनकी दाल नहीं गलेगी ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार