लखीमपुर खीरी में तेंदुए के हमले में महिला की मौत, वन विभाग ने शुरू की तलाश
लखीमपुर खीरी में तेंदुए के हमले में महिला की मौत, वन विभाग ने शुरू की तलाश
लखीमपुर खीरी (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) लखीमपुर खीरी जिले में दुधवा बफर जोन के उत्तरी निघासन वन क्षेत्र में शनिवार रात तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान सिंगाही थाना क्षेत्र के सहजाना गांव की संध्या देवी (30) के रूप में हुई है।
दुधवा बफर जोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने बताया कि संध्या का शव उसकी झोपड़ी से कुछ मीटर दूर खेतों से बरामद किया गया।
उप निदेशक के अनुसार संध्या देवी झोपड़ी के बाहर सो रही थी, तभी तेंदुए ने हमला कर उसे खेतों की ओर घसीट ले गया।
चौधरी का कहना है कि परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर तेंदुए का पीछा किया, लेकिन तब तक तेंदुआ महिला को मार चुका था तथा मौके पर उसका अधखाया शव मिला।
उन्होंने कहा कि तेंदुए की तलाश और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम तैनात की गई हैं तथा शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद शोक संतप्त परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
घटना की सूचना पर निघासन के उप ज़िलाधिकारी (एसडीएम) राजीव निगम और सीओ शिवम कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


