पचपदरा रिफाइनरी के पेट्रो केमिकल जोन का काम भी तेजी शुरू हो: अशोक गहलोत

पचपदरा रिफाइनरी के पेट्रो केमिकल जोन का काम भी तेजी शुरू हो: अशोक गहलोत

पचपदरा रिफाइनरी के पेट्रो केमिकल जोन का काम भी तेजी शुरू हो: अशोक गहलोत
Modified Date: July 4, 2026 / 02:36 pm IST
Published Date: July 4, 2026 2:36 pm IST

जयपुर, चार जुलाई (भाषा) पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी के पेट्रो केमिकल जोन का काम तेजी से शुरू करने व इसे राजस्थानी लोगों के लिए आरक्षित करने की मांग की है।

गहलोत ने इस रिफाइनरी परियोजना के शनिवार को उद्घाटन के मद्देनजर यह मांग की। इसके साथ ही उन्होंने संतोष जताया कि उनकी तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई यह परियोजना शुरू हो रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘आज राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि प्रदेश की पहली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का उद्घाटन आज होने जा रहा है। मुझे संतोष है कि हमारी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई परियोजना आज क्रियाशील होने जा रही है।’

उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के दौरान संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने रिफाइनरी का शिलान्यास किया।

उन्होंने इसके बाद की सरकार पर रिफाइनरी का काम बंद रखने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा,’ यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि राजनीतिक कारणों से पांच साल तक रिफाइनरी का काम बन्द रहा जिससे इसकी लागत बढ़ती गई। 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रिफाइनरी के काम को प्राथमिकता पर शुरू किया गया एवं कोरोना जैसी विपरीत परिस्थिति के बावजूद लगभग 85 प्रतिशत काम कांग्रेस सरकार में पूरा किया गया।’

गहलोत के अनुसार तत्कालीन कांग्रेस सरकार की सोच रिफाइनरी के साथ पेट्रो केमिकल जोन बनाने का था जिसमें रिफाइनरी से निकलने वाले ‘उप उत्पाद’ के प्लास्टिक आधारित उद्योग लगें जिससे लाखों नए रोजगार पैदा होंगे। कांग्रेस सरकार के दौरान इसके लिए जमीन आवंटन भी किया गया परन्तु अभी यह ठंडे बस्ते में है।

उन्होंने कहा, ‘आज रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ इस पेट्रो केमिकल जोन का काम तेजी से शुरू किया जाए और इसे राजस्थानी लोगों के लिए आरक्षित किया जाए जिससे बाहर के व्यवसायियों की बजाय स्थानीय लोगों को प्लास्टिक आधारित उद्योग लगाने एवं रोजगार में प्राथमिकता मिल सके।’

भाषा पृथ्वी

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में