यश अभिनीत ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टली
यश अभिनीत ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टली
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) यश अभिनीत फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ अब चार जून, 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित नहीं की जाएगी। निर्माताओं ने बुधवार को बताया कि वे फिल्म को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने की योजना बना रहे हैँ।
यश ने एक बयान में कहा कि सिनेमाकॉन में फिल्म को प्रस्तुत करने के बाद यह फैसला लिया गया है जहां फिल्म को अंतरराष्ट्रीय वितरकों और इंडस्ट्री के पक्षकारों से बहुत बढ़िया प्रतिक्रिया मिली है।
यश ने कहा, “कुछ फिल्में हम बनाते हैं, और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ। ‘टॉक्सिक’ हमारे लिए ऐसी ही फिल्म है।’
उन्होंने बताया कि ‘सिनेमाकॉन’ में फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली।
उन्होंने कहा, ‘मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमने फिल्म की रिलीज के समय में बदलाव करने का फैसला किया है। अब यह फिल्म पूर्व घोषित तिथि चार जून को रिलीज नहीं होगी। ‘टॉक्सिक’ जल्द ही वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।’
यह दूसरी बार है जब फिल्म की रिलीज की तारीख आगे बढ़ाई गई है।
‘टॉक्सिक’ को मूल रूप से 19 मार्च को प्रदर्शित किया जाना था, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण इसे टालकर चार जून कर दिया गया था।
गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित ‘टॉक्सिक’ की कहानी 1940 के दशक की शुरुआत से लेकर 1970 के दशक के बीच गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में यश ‘राया’ नामक गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं।
‘केवीएन प्रोडक्शंस’ और यश के ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ द्वारा निर्मित इस फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
कन्नड़ और अंग्रेजी में निर्मित ‘टॉक्सिक’ को हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी डब करके रिलीज किया जाएगा।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


