राजस्थान के बाड़मेर में युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या: पुलिस
राजस्थान के बाड़मेर में युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या: पुलिस
जयपुर, 26 जून (भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले में 25 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र में हुई
उसने कहा कि युवक एक विवाहित महिला के साथ भागने की कोशिश कर रहा था।
थानाधिकारी विक्रम चरण ने बताया कि मृतक की पहचान चौहटन थाना क्षेत्र के सांवलोर गांव मगाराम के रूप में हुई है जिसका दूसरे गांव की 32 वर्षीय एक महिला से प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार महिला विवाहित है और उसके छह बच्चे हैं।
चरण ने बताया, ‘‘शुक्रवार सुबह मगाराम टैक्सी से महिला के गांव पहुंचा था। उस समय महिला का पति किसी काम से बाड़मेर गया हुआ था।’’
पुलिस के अनुसार, मगाराम एवं महिला गांव से एक साथ निकल रहे थे, तभी महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें देख लिया।
थानाधिकारी ने बताया, ‘‘दोनों को रोक लिया गया और कथित तौर पर लाठियों से हमला किया गया। हमले में मगाराम के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’’
चरण के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि महिला वापस अपने घर लौट गई।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में जब महिला का पति घर लौटा और घर के पास मगाराम का शव पड़ा देखा, तो उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चरण ने कहा, ‘‘मगाराम के परिजनों की ओर से दी जाने वाली शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।’’
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


