इम्फाल, 22 जुलाई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस के धरने को लेकर पार्टी नेता राहुल गांधी पर बुधवार को निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को समाधान चाहिए, ‘‘राजनीतिक नौटंकी’’ नहीं।
सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस और गांधी द्वारा ‘‘छात्रों के मुद्दों का बार-बार राजनीतिकरण करने और संसद के मानसून सत्र को बाधित करने के लगातार प्रयास’’ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार द्वारा संसद में नीट पर व्यापक चर्चा के लिए अपनी तत्परता व्यक्त करने के बावजूद, विपक्ष ने चर्चा में भाग लेने के बजाय विरोध का रास्ता चुना। इतना ही नहीं, उसने स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल और आम जनता की सुविधा की अनदेखी करते हुए प्रधानमंत्री के आवास के बाहर धरना भी दिया।’’
गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में पार्टी नेता मंगलवार को प्रधानमंत्री के आवास के बाहर धरने पर बैठे थे। उन्होंने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग की थी।
इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस सांसदों राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव तथा अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चर्चा, सार्थक सुधारों और जवाबदेही के माध्यम से छात्रों की हर वास्तविक चिंता का समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भारत के युवाओं को राजनीतिक नौटंकी नहीं, बल्कि समाधान, भरोसा और जिम्मेदार नेतृत्व चाहिए।’’
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश