चुराचांदपुर, 26 फरवरी (भाषा) मणिपुर के चुराचांदपुर जिले की शीर्ष जनजातीय संगठन जोमी परिषद ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से भाजपा विधायक वुंगजागिन वाल्टे पर हुए हमले की सीबीआई जांच में तेजी लाने की मांग की।
वाल्टे का हाल ही में निधन हो गया था।
परिषद ने जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इसमें थानलोन विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे वाल्टे को न्याय दिलाने में कथित देरी को लेकर केंद्र की आलोचना की गई है।
मई 2023 में राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के शुरुआती दौर में इंफाल के नागामापल इलाके में वाल्टे पर भीड़ ने हमला किया था।
जांच में हो रही देरी पर गहरा दुख जताते हुए परिषद ने संविधान के अनुच्छेद 355 का हवाला दिया, जिसके तहत केंद्र का दायित्व है कि वह राज्यों को आंतरिक अशांति से सुरक्षा प्रदान करे और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप शासन सुनिश्चित करे।
परिषद ने मांग की कि मामले की समयबद्ध और निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि हमले के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जा सके।
इसके अलावा परिषद ने केंद्र से ज़ो जनजातियों की राजनीतिक आकांक्षाओं पर संरचित और समयबद्ध संवाद शुरू करने का आग्रह किया। परिषद ने वास्तविक राजनीतिक स्वायत्तता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस संवैधानिक और प्रशासनिक उपाय किए जाने की भी मांग की।
भाषा राखी रंजन
रंजन