नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे से ज्यूरिख जाने के लिए निर्धारित ‘स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स’ के एक विमान को उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया। विमान में 232 यात्री सवार थे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ए330 विमान से संचालित ज्यूरिख जाने वाली उड़ान एलएक्स147 के एक ‘लैंडिंग गियर’ की बाईं ओर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद चालक दल ने उड़ान भरने की प्रक्रिया बीच में ही रोक दी और पूर्ण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू कर दी गई।
विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने विस्तृत बयान में बताया कि विमान में 228 यात्री और चार शिशु सवार थे।
प्रवक्ता ने कहा, “भारतीय समयानुसार शनिवार रात एक बजे के आसपास उड़ान भरने के दौरान इंजन में समस्या आई। चालक दल ने विमान को उड़ान भरने से रोक दिया और स्थिति का आकलन करने के बाद एहतियातन विमान खाली कराने का निर्णय लिया।”
उन्होंने बताया, “सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को ‘इमरजेंसी स्लाइड’ के जरिए विमान से बाहर निकाला गया। छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है। जो यात्री स्लाइड का इस्तेमाल करने में असमर्थ थे, उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई।”
उन्होंने यह भी बताया कि स्विट्जरलैंड के तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम विमान की जांच के लिए दिल्ली आएगी। साथ ही सभी यात्रियों के लिए आगे की यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था करने पर तेजी से काम किया जा रहा है।
भाषा खारी अमित
अमित