चीन ने पाकिस्तानी उपग्रह का प्रक्षेपण किया

Ads

चीन ने पाकिस्तानी उपग्रह का प्रक्षेपण किया

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 02:03 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 02:03 PM IST

(के.जे.एम. वर्मा)

बीजिंग, 26 अप्रैल (भाषा) चीन ने उत्तरी शांक्शी प्रांत में स्थित ताइयुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से शनिवार रात एक पाकिस्तानी उपग्रह का प्रक्षेपण किया।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार पीआरएससी-ईओ3 नामक इस उपग्रह को रात 8:15 बजे (बीजिंग समयानुसार) लॉन्ग मार्च-7 रॉकेट के जरिये प्रक्षेपित किया गया और यह सफलतापूर्वक निर्धारित कक्षा में पहुंच गया।

पिछले साल से अब तक चीन द्वारा प्रक्षेपित किया गया पाकिस्तान का यह चौथा उपग्रह है। चीन ने पिछले साल पाकिस्तान के तीन उपग्रह प्रक्षेपित किए थे।

चीन पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान के उपग्रह प्रक्षेपित कर रहा है। इसके अलावा चीन के अंतरिक्ष मिशन प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए चुने गए पाकिस्तान के दो अंतरिक्ष यात्री 24 अप्रैल को यहां पहुंचे थे।

चीन की मानव अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री शुक्रवार को बीजिंग स्थित चीन के अंतरिक्ष यात्री केंद्र पहुंचे, जहां वे अपने चीनी साथियों के साथ प्रशिक्षण में भाग लेंगे।

आवश्यक प्रशिक्षण पूरा करने और आकलन में सफल होने के बाद, इनमें से एक अंतरिक्ष मिशन में ‘पेलोड स्पेशलिस्ट’ के रूप में भाग लेगा।

भाषा जोहेब अमित

अमित