कांग्रेस का चैनलों पर कथित जमीन घोटाले को प्रसारित न करने का आरोप, तीन दिन के बहिष्कार की घोषणा
कांग्रेस का चैनलों पर कथित जमीन घोटाले को प्रसारित न करने का आरोप, तीन दिन के बहिष्कार की घोषणा
भोपाल, एक जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को टेलीविजन चैनलों पर मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं उनके परिवार से जुड़े कथित भूमि घोटाला जैसे ‘गंभीर विषय’ को प्रसारित नहीं करने और इस पर सार्थक बहस आयोजित नहीं करने का आरोप लगाया तथा घोषणा की कि वह इसके विरोध में तीन दिनों तक उनका बहिष्कार करेगी।
मध्यप्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने एक आधिकारिक बयान में विरोध के इस तरीके को ‘मौन सत्याग्रह’ का नाम दिया है।
पार्टी ने कहा, ‘इस दौरान सिर्फ अधिकृत पत्रकार वार्ताओं को छोड़कर, मध्यप्रदेश कांग्रेस का कोई भी अधिकृत नेता, प्रवक्ता अथवा प्रतिनिधि किसी भी टीवी बहस में भाग नहीं लेगा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को कोई व्यक्तिगत, आधिकारिक वक्तव्य नहीं देगा तथा किसी भी टेलीविजन बहस में शामिल नहीं होगा।’
बयान में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ धार्मिक नगरी उज्जैन में भूमि घोटाले के आरोप को लेकर प्रदेशभर में व्यापक जन चर्चा है और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं।
पार्टी ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी असहमति दर्ज कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि आगामी तीन दिनों तक ‘मौन सत्याग्रह’ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने पिछले दिनों अंग्रेजी अखबार ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने कई भूखंड खरीदे।
पार्टी ने उज्जैन के इस कथित भूमि घोटाले को ‘‘महाकाल की जमीन की लूट’’ करार दिया था और मुख्यमंत्री यादव के इस्तीफे और आरोपों की न्यायिक जांच की मांग की थी।
कांग्रेस ने कहा था कि मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सत्ता संभालने के बाद उनके परिवार की भूमि कथित तौर पर 100 एकड़ से बढ़कर 335 एकड़ कैसे हो गई।
खबर में दावा किया गया है कि पिछले दो वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री यादव के परिवार और उनकी रियल एस्टेट कंपनियों ने उज्जैन में कम से कम 137 भूखंड खरीदे, जिनका कुल क्षेत्रफल 168 एकड़ है।
राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि मुख्यमंत्री यादव प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और उनकी लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस ऐसे आरोप लगा रही है।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि जब-जब मध्यप्रदेश में पिछड़े वर्ग से मुख्यमंत्री बने हैं, तब-तब कांग्रेस ने उन्हें निशाना बनाने का प्रयास किया है।
भाषा ब्रजेन्द्र माधव अविनाश
अविनाश

Facebook


