मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में बुजुर्ग किसान दंपति की हत्या
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में बुजुर्ग किसान दंपति की हत्या
टीकमगढ़, सात जून (भाषा) मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग किसान दंपति की हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर रामनगर गांव में छेनू घोष (70) और उनकी पत्नी पनबाई (70) के शव रविवार सुबह उनके खेत में एक झोपड़ी में मिले।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि कृषि भूमि को लेकर रंजिश के कारण हत्याएं हुईं।
जतारा के अनुसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अभिषेक गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दंपति पर धारदार हथियार व लाठियों से हमला किया गया।
उन्होंने बताया कि हमले में लगी चोटों के कारण दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह तब सामने आई, जब एक ग्रामीण ने शवों को देखा और अधिकारियों को सूचित किया।
अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्याओं के पीछे दो एकड़ कृषि भूमि को लेकर विवाद और रंजिश हो सकती है।
उन्होंने कहा, “हालांकि, सटीक मकसद और अन्य तथ्य विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।”
डिगोडा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


