मप्र : उज्जैन की क्षिप्रा में मिलने वाली कान्ह नदी को प्रदूषित करने वाले 13 औद्योगिक संयंत्र सील

मप्र : उज्जैन की क्षिप्रा में मिलने वाली कान्ह नदी को प्रदूषित करने वाले 13 औद्योगिक संयंत्र सील

Modified Date: December 24, 2021 / 07:35 pm IST
Published Date: December 24, 2021 7:35 pm IST

इंदौर, 24 दिसंबर (भाषा) मध्य प्रदेश के इंदौर में जिला प्रशासन ने कान्ह नदी को प्रदूषित किए जाने के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए पिछले तीन दिनों के दौरान 13 औद्योगिक संयंत्रों को सील कर दिया है। प्रशासन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कान्ह नदी इंदौर के पास स्थित धार्मिक नगरी उज्जैन की क्षिप्रा नदी में मिलती है। कान्ह नदी के कारण क्षिप्रा में भारी प्रदूषण को लेकर साधु-संतों ने प्रशासन के सामने हाल ही में नाराजगी जताई थी।

इंदौर के अतिरिक्त जिलाधिकारी पवन जैन ने बताया कि जिले में पिछले तीन दिनों के दौरान सील किए गए 13 संयंत्रों से औद्योगिक अपशिष्ट के गंदे पानी को कान्ह नदी और इससे जुड़े नालों में बिना उचित उपचार के छोड़ा जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘सील किए गए कारखानों में उत्पादन बहाल करने की अनुमति तभी दी जाएगी, जब उनमें औद्योगिक अपशिष्ट के गंदे पानी के उपचार संयंत्र शुरू कर दिए जाएंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने अतिरिक्त जिलाधिकारी की अगुवाई में एक टीम गठित कर उसे आदेश दिया है कि वह कान्ह नदी में प्रदूषण को लेकर 10 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपे।

भाषा हर्ष नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में