मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी
मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी
भोपाल, चार फरवरी (भाषा) कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को आरोप लगाया कि लगातार बढ़ते कर्ज के कारण मध्यप्रदेश ‘गंभीर आर्थिक संकट’ का सामना कर रहा है, इसलिए सरकार को तत्काल इस स्थिति के बारे में श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
राजधानी भोपाल स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कर्ज लेने के मामले में अपने सभी पूर्ववर्तियों को पीछे छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा, ‘इसके कारण प्रदेश सरकार अब आम जनता से भी कर्ज लेने की स्थिति में पहुंच गई है, जो गंभीर आर्थिक दिवालियापन का संकेत है।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में प्रदेश सरकार अब तक एक लाख 78 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है और हाल में लिए गए 5200 करोड़ रुपये को मिलाकर प्रदेश पर प्रतिदिन लगभग 213 करोड़ रुपये का कर्ज बढ़ा है।
उन्होंने कहा, ‘सरकार यह तर्क देती है कि कर्ज सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के दायरे में है, लेकिन सच्चाई यह है कि बजट का आकार केवल कर्ज लेने के लिए बढ़ाया जा रहा है।’
पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की संपत्तियों को बेचकर कर्ज़ चुकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि अब तक 101 संपत्तियां मात्र 1100 करोड़ रुपये में बेची जा चुकी हैं और अन्य संपत्तियों को भी आनन-फानन में बेचने की तैयारी है।
उन्होंने कहा, ‘यह सब भ्रष्टाचार और लूट का परिणाम है।’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में कई विभागों में कर्मचारियों को छह-छह महीने से वेतन नहीं मिला है और अतिथि शिक्षकों का भुगतान महीनों से रुका हुआ है लेकिन सरकार केवल प्रचार और प्रसार में व्यस्त है।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी स्पष्ट मांग करती है कि भाजपा सरकार एक श्वेत पत्र जारी करे, जिसमें प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सुधार की योजना स्पष्ट हो।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष के रूप में सहयोग को तैयार है, लेकिन प्रदेश को ‘अंधेरे’ में नहीं धकेलने देगी।
पटवारी ने संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री यादव की मंत्रिपरिषद में शामिल उन सभी नेताओं को हटाया जाए, जिनके खिलाफ गंभीर आरोप हैं।
इस क्रम में पटवारी ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और आदिम जाति कल्याण विभाग के मंत्री विजय शाह का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप मामले में 26 मौतों के लिए जिम्मेदार शुक्ला, इंदौर में दूषित जल से लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार विजयवर्गीय और सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने वाले शाह को तत्काल पद से हटा दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश प्रमुख ने कहा, ‘मुख्यमंत्री मोहन यादव से आग्रह है कि वह पद की गरिमा बनाए रखें, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करें और प्रदेश की जनता को जवाब दें।’
पटवारी ने संवाददाता सम्मेलन में अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यदि अमेरिका से सस्ता कृषि उत्पाद शून्य प्रतिशत टैक्स पर भारत आएगा तो देश के किसानों की आमदनी पूरी तरह तबाह हो जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ किसी भी प्रकार के धोखे के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी और निर्णायक आंदोलन करेगी।’
भाषा ब्रजेन्द्र नोमान
नोमान

Facebook


