सांप्रदायिक तनाव के बाद सीहोरा में माहौल शांतिपूर्ण, अब तक 60 लोग गिरफ्तार
सांप्रदायिक तनाव के बाद सीहोरा में माहौल शांतिपूर्ण, अब तक 60 लोग गिरफ्तार
जबलपुर, 21 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के सीहोरा कस्बे में दो दिन तक सांप्रदायिक तनाव के बाद शनिवार को हालात शांतिपूर्ण रहे। कस्बे में दंगा-रोधी उपकरणों से लैस करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात हुई पथराव और तोड़फोड़ की घटनाओं के सिलसिले में अब तक 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि जबलपुर जिले के अन्य संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ पड़ोसी कटनी और सिवनी जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित सीहोरा में पुलिस ड्रोन के जरिए भी निगरानी कर रही है।
कस्बे के आजाद चौक इलाके में बृहस्पतिवार रात हिंसा भड़क उठी थी, जहां दुर्गा मंदिर और मस्जिद पास-पास स्थित हैं।
सूत्रों के अनुसार, मंदिर में ‘आरती’ और मस्जिद में नमाज एक साथ होने के दौरान विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद हालात बिगड़ गए।
वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कस्बे में पूरी तरह शांति है। हालात नियंत्रण में हैं। अब तक 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दंगा करने और धार्मिक स्थलों को अपवित्र करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता के तहत पांच प्राथमिकी दर्ज की हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुख्य मामले में मंदिर में तोड़फोड़ से जुड़े 49 गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वर्मा ने कहा कि अन्य मामलों में एक मजार को अपवित्र करने, एक फल विक्रेता की ठेली को नुकसान पहुंचाने, एक मुस्लिम महिला के घर में रखी तेंदूपत्ता जलाने और बिजली मीटरों को क्षतिग्रस्त करने की घटनाएं शामिल हैं।
स्थानीय निवासी डॉ. संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को बाजार खुल गए और कस्बे में स्थिति सामान्य बनी हुई है।
भाषा सं दिमो शफीक
शफीक

Facebook


