पालघर में इमारत का हिस्सा ढहने के बाद 250 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, कोई घायल नहीं
पालघर में इमारत का हिस्सा ढहने के बाद 250 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, कोई घायल नहीं
पालघर, आठ अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र में पालघर जिले के नालासोपारा में शनिवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत का कुछ हिस्सा ढहने के बाद करीब 250 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना से वहां रहने वाले लोगों और अधिकारियों में घबराहट फैल गई।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब साढ़े 12 बजे बस्ती के अचोले इलाके स्थित रोशनी अपार्टमेंट में हुई। दस साल पुरानी इस इमारत में 56 फ्लैट हैं। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब इमारत की दूसरी मंजिल पर बनी बालकनी का एक हिस्सा टूटकर पहली मंजिल पर गिर गया। इसके बाद दबाव बढ़ने से पहली मंजिल का हिस्सा भी ढहकर नीचे गिर गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे तथा बड़े पैमाने पर बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया।
अधिकारी ने कहा कि बचाव दल ने इमारत में मौजूद सभी लोगों को तेजी से बाहर निकाल लिया।
करीब 250 लोगों (जिनमें अधिकतर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे) को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना के समय ज्यादातर पुरुष निवासी काम पर गए हुए थे।
अधिकारी ने बताया कि इमारत का बचा हुआ हिस्सा खतरनाक हालत में है और इस ढांचे को अब पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
नगर निकाय के अधिकारी मौके का निरीक्षण करने के बाद इमारत को गिराने या उसे मजबूत करने के संबंध में अंतिम निर्णय लेंगे।
इमारत से निकाले गए परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में भेज दिया गया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


