वर्ष 2024 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 47,954 मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए
वर्ष 2024 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 47,954 मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए
मुंबई, 23 जून (भाषा) मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा को बताया कि महाराष्ट्र में 2024 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 47,954 मामले दर्ज किए गए।
फडणवीस ने एक लिखित जवाब में बताया कि 2025 में बलात्कार के 8,643 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले साल के मुकाबले 703 अधिक हैं, जबकि बच्चों के खिलाफ अपराध की संख्या में 482 की बढ़ोतरी हुई।
फडणवीस ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के डेटा, आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 और महिला एवं बाल अपराध रोकथाम विभाग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में 2024 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 47,954 मामले दर्ज किए गए, जो किसी राज्य में ऐसे मामलों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है।
गृह विभाग संभालने वाले फडणवीस के अनुसार, 2024 की एनसीआरबी रिपोर्ट इस साल अप्रैल में जारी की गई थी।
फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिसमें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रैंक के अधिकारी के तहत एक अलग महिला एवं बाल अपराध रोकथाम विभाग बनाना भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक के तहत अलग-अलग जांच टीमें बनाई गई हैं, जबकि पीड़ितों को मदद देने के लिए 51 ‘भरोसा प्रकोष्ठ’ स्थापित किए गए हैं।
फडणवीस ने पुणे जिले के भोर तालुका में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार और हत्या के कथित मामले में जांच की स्थिति के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दो मई को राजगढ़ पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया था और उसी दिन आरोपी भीमराव कांबले (65) को गिरफ्तार कर लिया गया। 16 मई को आरोपपत्र दाखिल किया गया और मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में जारी है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


