विमान हादसे से कुछ मिनट पहले अजित पवार ने की थी फोन पर बात : रिश्तेदार
विमान हादसे से कुछ मिनट पहले अजित पवार ने की थी फोन पर बात : रिश्तेदार
पुणे, चार फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के एक दूर के रिश्तेदार ने दावा किया है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ मिनट पहले ही अजित पवार ने उनसे फोन पर बात हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, एक चार्टर्ड विमान 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख नेता अजित पवार और चार अन्य व्यक्तियों की मृत्यु हो गई थी।
अजित पवार के दूर रिश्तेदार श्रीजीत पवार ने मंगलवार को एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी करते हुए यह दावा किया। श्रीजीत ने कहा कि उन्होंने आगामी जिला परिषद चुनाव में माली समुदाय के प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर अजित पवार को संदेश भेजा था।
श्रीजीत ने बताया, ‘मैंने सुबह 8:19 बजे उन्हें संदेश भेजा था जब वह विमान में सवार थे। जैसे ही विमान नेटवर्क क्षेत्र में आया उन्होंने मुझे 8:37 बजे फोन किया, जो हादसे से महज कुछ मिनट पहले की बात है।’
इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में अजित पवार को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने हमेशा सभी समुदायों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है। श्रीजीत पवार ने मीडिया से कहा, ‘यह बातचीत अजित पवार के समावेशी दृष्टिकोण को दर्शाती है।’
अजित पवार को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने माली समुदाय के सदस्य दिगंबर दुर्गाडे को पुणे जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक मर्यादित का अध्यक्ष नियुक्त किया। वह यह कहते हुए भी सुने गए कि बारामती के जिला परिषद समूह से माली समुदाय के एक उम्मीदवार को पहले ही टिकट दिया जा चुका है।
भाषा प्रचेता अमित
अमित

Facebook


