अमरावती अस्पताल में आग: उच्चस्तरीय जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता

Ads

अमरावती अस्पताल में आग: उच्चस्तरीय जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 11:25 AM IST

मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमरावती के जिला महिला अस्पताल में सोमवार को आग लगने से तीन शिशुओं की मौत होने पर दुख जताया और घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।

फडणवीस ने एक बयान में कहा कि राज्य सरकार इस घटना में मारे गए प्रत्येक बच्चे के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी।

अधिकारियों ने बताया कि सरकारी अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में एक वेंटिलेटर में तड़के करीब सवा तीन बजे आग लग गई। इस इकाई में समय से पहले जन्मे और गंभीर रूप से बीमार शिशुओं का इलाज किया जाता है। इस घटना में तीन बच्चों की मौत हो गई।

फडणवीस ने घटना को ‘‘बेहद दुखद एवं हृदयविदारक’’ बताया और मृत बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि घटना के दौरान अस्पताल से 36 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य प्रशासन को घटना की उच्चस्तरीय जांच करने के निर्देश दिए गए हैं और इस हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव को सोमवार को अमरावती जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया।

फडणवीस ने अमरावती जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जाए।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा