गिरफ्तार ‘ढोंगी बाबा’ अशोक खरात को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जाए : मुनगंटीवार
गिरफ्तार ‘ढोंगी बाबा’ अशोक खरात को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जाए : मुनगंटीवार
मुंबई, 28 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शनिवार को ‘ढोंगी बाबा’ अशोक खरात को मौत की सजा देने की मांग की।
खरात को पिछले तीन वर्षों में एक महिला के साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, कई शिकायतें मिलने के बाद खरात के खिलाफ यौन उत्पीड़न, जबरन वसूली और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में अब तक आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
मुनगंटीवार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं, लेकिन अशोक खरात के बर्बर कृत्यों को देखने और सुनने के बाद, ऐसा लगता है कि उसे किसी भी प्रकार की कानूनी रियायत नहीं मिलनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ कोई अदालत नहीं, कोई कार्यवाही नहीं हो। ऐसे व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से दंडित किया जाना चाहिए और फांसी दी जानी चाहिए। उसने छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत का अपमान किया है और महिलाओं का अनादर किया है। ऐसे कृत्य महाराष्ट्र और उसके मूल्यों पर धब्बा हैं।’’
मुनगंटीवार ने कहा कि कड़ी कार्रवाई से अन्य स्वयंभू बाबाओं को कड़ा संदेश जाएगा। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, सावित्रीबाई फुले और शाहू महाराज जैसे धर्म सुधारकों की शिक्षाओं को विद्यालयों में पढ़ाए जाने के बावजूद, धर्म को बदनाम करने वाली ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।
मुनगंटीवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता रुपाली चाकणकर के महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पद से इस्तीफे पर कहा कि गंभीर आरोप सामने आने पर इस्तीफे की मांग करना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे यह सुनिश्चित होता है कि जांच प्रभावित न हो।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


