भाजपा अध्यक्ष ने भारत के विकास में महाराष्ट्र के योगदान को सराहा,‘सांस्कृतिक पुनर्जागरण’ पर जोर दिया

भाजपा अध्यक्ष ने भारत के विकास में महाराष्ट्र के योगदान को सराहा,‘सांस्कृतिक पुनर्जागरण’ पर जोर दिया

भाजपा अध्यक्ष ने भारत के विकास में महाराष्ट्र के योगदान को सराहा,‘सांस्कृतिक पुनर्जागरण’ पर जोर दिया
Modified Date: September 16, 2026 / 04:17 pm IST
Published Date: September 16, 2026 4:17 pm IST

मुंबई, 16 सितंबर (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को देश की प्रगति में महाराष्ट्र की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य देश के बाकी हिस्सों के साथ आगे बढ़ रहा है।

गणेशोत्सव के लिए मुंबई पहुंचे नवीन प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर गए और लालबागचा राजा के दर्शन किए। उन्होंने मुंबई उपनगर में एक गणपति पंडाल में पूजा-अर्चना करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने महाराष्ट्र को छत्रपति शिवाजी महाराज की ‘‘पवित्र भूमि’’ बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ‘‘सांस्कृतिक पुनर्जागरण’’ के दौर से गुजर रहा है।

नवीन ने कहा, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री ने सही शब्द का इस्तेमाल किया है, यह सांस्कृतिक पुनर्जागरण का समय है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में यह देश के हर वर्ग और हर समुदाय तक पहुंचा है।’’

उन्होंने भारत के विकास में महाराष्ट्र के लंबे समय से चले आ रहे योगदान और उसकी निरंतर अग्रणी भूमिका पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र ने हमेशा भारत के विकास में योगदान दिया है और आज भी अग्रणी योगदान दे रहा है।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह महाराष्ट्र में केवल गणेश उत्सव में शामिल होने और राज्य तथा देश की प्रगति के लिए आशीर्वाद लेने आए हैं।

उन्होंने भगवान राम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और देश का विकास साथ-साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘आइए, हम सभी भारतीय संस्कृति की गति को भारत के विकास की गति के साथ मिलाकर आगे बढ़ें।’’

नवीन ने मोदी के ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ के नारे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि 140 करोड़ लोग मिलकर विकसित भारत की दिशा में काम कर रहे हैं।

उन्होंने देश की प्रगति में योगदान के लिए महाराष्ट्र के लोगों का आभार जताया और उन्हें गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

गणेश उत्सव के अवसर पर नवीन मुंबई और पुणे के एक दिवसीय दौरे पर हैं। गणेश उत्सव सोमवार को शुरू हुआ था।

उन्होंने सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा लालबागचा राजा और संस्कृति मंत्री आशीष शेलार द्वारा स्थापित बांद्रा पश्चिम के गणपति के दर्शन किए।

भाजपा अध्यक्ष के साथ रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नितिन नवीन पार्टी की नई पीढ़ी और नए नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वह हमारे संगठन में आई नई ऊर्जा और नए रक्त के प्रतीक हैं। मोदीजी के नेतृत्व में सांस्कृतिक पुनर्जागरण हुआ है और अब हमारे सभी त्योहार बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाए जाते हैं।’’

फडणवीस ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक परंपराओं को अधिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

दिन में इससे पहले संवाददाताओं से बातचीत में नवीन ने कहा कि गणेश उत्सव के अवसर पर महाराष्ट्र आना उनके लिए सौभाग्य की बात है क्योंकि भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद यह राज्य का उनका पहला दौरा है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अभिभूत हूं और महाराष्ट्र तथा देश के कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

नवीन ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में गणेश उत्सव भी देखा, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास पर गणपति के दर्शन किए और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से शिष्टाचार भेंट की।

भाषा Intern संतोष

संतोष


लेखक के बारे में