केंद्र सरकार को प्रदर्शनकारी युवाओं की बात सुननी चाहिए, उन्हें कम नहीं आंकना चाहिए : उद्धव

केंद्र सरकार को प्रदर्शनकारी युवाओं की बात सुननी चाहिए, उन्हें कम नहीं आंकना चाहिए : उद्धव

केंद्र सरकार को प्रदर्शनकारी युवाओं की बात सुननी चाहिए, उन्हें कम नहीं आंकना चाहिए : उद्धव
Modified Date: June 6, 2026 / 05:14 pm IST
Published Date: June 6, 2026 5:14 pm IST

मुंबई, छह जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार को राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले युवाओं की बात सुननी चाहिए और उन्हें कम नहीं आंकना चाहिए।

युवाओं की यह भी मांग है कि परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।

शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने फेसबुक पर एक पोस्ट में ठाकरे का संदेश साझा किया, जिसमें कहा गया है कि युवा देश का भविष्य हैं और वे भीषण गर्मी में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसमें कहा गया है कि उन्हें न्याय से वंचित करना और उन्हें ‘कॉकरोच’ (तिलचट्टा) कहना अनुचित है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों युवाओं का जीवन तबाह हो गया है और वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

ठाकरे ने कहा, ‘‘सरकार को युवाओं की आवाज सुननी होगी और इन्हें कम नहीं आंकना चाहिए। जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा यही संकेत दिया गया है।’’

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को जंतर-मंतर पर ऑनलाइन संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के समर्थकों द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में स्कूली छात्र, कॉलेज के छात्र, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी और अभिभावक समेत कई लोग शामिल हुए।

यह प्रदर्शन सीजेपी द्वारा आयोजित किया गया, जो युवाओं के नेतृत्व वाली एक ऑनलाइन मुहिम है। इस प्रदर्शन के माध्यम से सीजेपी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) समेत विभिन्न परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग कर रही है।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में