चंद्रबाबू नायडू सरकार विरोधियों को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही : जगन

चंद्रबाबू नायडू सरकार विरोधियों को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही : जगन

चंद्रबाबू नायडू सरकार विरोधियों को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही : जगन
Modified Date: May 9, 2026 / 07:14 pm IST
Published Date: May 9, 2026 7:14 pm IST

अमरावती, नौ मई (भाषा) आंध्र प्रदेश की मुख्य विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू असहमति को दबाने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए पुलिस तंत्र को एक राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक रेड्डी ने हालांकि जगन मोहन के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष ने अपने शासनकाल (2019-2024) के दौरान असहमति को दबाया और विरोधियों को निशाना बनाने और आलोचकों को चुप कराने के लिए पुलिस प्रणाली को एक राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया।

जगन ने आरोप लगाया कि संविधान का अनुच्छेद 19 अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है, जिसे ‘लोकतंत्र के सबसे पवित्र स्तंभों में से एक’ के रूप में वर्णित किया गया है, लेकिन तेदेपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के तहत इस मौलिक अधिकार पर एक खतरनाक, व्यवस्थित और बेहद परेशान करने वाला हमला किया जा रहा है।

जगन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शुक्रवार देर रात एक पोस्ट में कहा, ‘‘हैलो इंडिया! आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू पुलिस विभाग को असहमति को दबाने, विपक्षी आवाजों को कुचलने और आंध्र प्रदेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को व्यवस्थित रूप से सीमित करने के लिए एक राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री के मुताबिक आंध्र प्रदेश पुलिस तंत्र को आलोचकों को डराने, विपक्षी आवाजों को दबाने और सरकार पर सवाल उठाने वाले नागरिकों के बीच भय का माहौल बनाने के लिए ‘हथियार’ के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तेदेपा गठबंधन की ‘‘विफलताओं, पाखंड, भ्रष्टाचार और जनविरोधी शासन’’ को उजागर करने वाले सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी समर्थकों, पत्रकारों और आम नागरिकों के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध और संस्थागत ‘सत्ता के दुरुपयोग’ का एक व्यवस्थित अभियान चलाया जा रहा है।

जगन के आरोपों का जवाब देते हुए तेदेपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक रेड्डी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पुलिस तंत्र के दुरुपयोग के बारे में बात कर रहे थे, जबकि ‘‘आंध्र प्रदेश के लोग उनके पांच साल के शासनकाल में जो हुआ उसे भूले नहीं हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार के दौरान विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और नागरिकों के खिलाफ मामले दर्ज करना एक आम बात थी।

रेड्डी ने आरोप लगाया कि तेदेपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अक्सर राजनीतिक रूप से प्रेरित मामलों, गिरफ्तारियों, हिरासत और विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने दावा किया कि सरकार की आलोचना करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट या टिप्पणियों के कारण भी पुलिस कार्रवाई हुई, जिसमें सीआईडी ​​मामले और गिरफ्तारियां शामिल हैं।

दीपक रेड्डी ने आरोप लगाया कि कई युवाओं, महिलाओं, यूट्यूबरों और स्वतंत्र आवाजों को सरकारी नीतियों पर सवाल उठाने के लिए उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

उन्होंने दावा किया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से जुड़े सोशल मीडिया खातों ने 2019 और 2024 के बीच विपक्षी नेताओं को अपमानजनक सामग्री और गलत सूचनाओं के साथ निशाना बनाया।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में