अदालत ने बलात्कार के तीसरे मामले में ‘स्वयंभू बाबा’ खरात को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
अदालत ने बलात्कार के तीसरे मामले में 'स्वयंभू बाबा' खरात को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
नासिक, नौ अप्रैल (भाषा) जेल में बंद स्वयंभू बाबा और ज्योतिषी अशोक खरात को बलात्कार के तीसरे मामले में गिरफ्तार किया गया और बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले की एक अदालत में वर्चुअल तरीके से पेश किया गया, जिसने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
खरात को पहली बार मार्च के मध्य में गिरफ्तार किया गया था। तीसरे मामले में उस पर अपने कार्यालय के एक कर्मचारी की सात महीने की गर्भवती पत्नी का यौन शोषण करने का आरोप है।
खरात को आठ अप्रैल को बलात्कार के दूसरे मामले में 21 अप्रैल तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
उसे नासिक रोड केंद्रीय जेल भेज दिया गया। हालांकि, दूसरे मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यौन उत्पीड़न के एक अन्य (तीसरे) मामले में उसकी हिरासत के लिए एक आवेदन दायर किया। एसआईटी ‘स्वयंभू बाबा’ के खिलाफ कई अपराधों की जांच कर रही है।
अदालत द्वारा आवेदन स्वीकार किए जाने के बाद एसआईटी की एक टीम ने खरात को नासिक जेल से हिरासत में लिया और उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बी एन इचपुरानी के समक्ष पेश किया, जिन्होंने उसे 13 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
एसआईटी और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने खरात को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
खरात के खिलाफ लगभग 12 मामले दर्ज हैं, जिनमें से आठ यौन उत्पीड़न से संबंधित हैं।
भाषा शुभम वैभव
वैभव

Facebook


