नवी मुंबई के सानपाड़ा में सिलेंडर विस्फोट: दो लोग घायल, कई दुकानें क्षतिग्रस्त

नवी मुंबई के सानपाड़ा में सिलेंडर विस्फोट: दो लोग घायल, कई दुकानें क्षतिग्रस्त

नवी मुंबई के सानपाड़ा में सिलेंडर विस्फोट: दो लोग घायल, कई दुकानें क्षतिग्रस्त
Modified Date: September 15, 2026 / 07:25 pm IST
Published Date: September 15, 2026 7:25 pm IST

ठाणे, 15 सितंबर (भाषा) नवी मुंबई के सानपाड़ा इलाके में मंगलवार तड़के सिलेंडर में विस्फोट होने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में छह दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

नवी मुंबई महानगरपालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख सचिन कदम ने बताया कि यह विस्फोट सुबह करीब छह बजे ‘प्रतीक को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी’ की एक दुकान के अंदर हुआ।

उन्होंने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी वजह से पास स्थित सूरज अस्पताल की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

कदम ने बताया कि इस घटना में ‘प्रतीक को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी’ और उससे सटी ‘अभिमन्यु को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी’ की कुल छह दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

अधिकारियों के अनुसार, घायलों में मनीष यादव 75 प्रतिशत झुलस गए जबकि अर्जुन यादव 85 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भाषा प्रचेता धीरज

धीरज


लेखक के बारे में