सोचा नहीं था कि रिलीज आसान नहीं होगी : ‘केनेडी’ आने में देरी पर राहुल भट्ट
सोचा नहीं था कि रिलीज आसान नहीं होगी : ‘केनेडी’ आने में देरी पर राहुल भट्ट
मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) अभिनेता राहुल भट्ट ने कहा कि फिल्म ‘केनेडी’ की टीम ने कभी नहीं सोचा था कि अनुराग कश्यप निर्देशित इस फिल्म की रिलीज में उन्हें किसी तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
‘केनेडी’ का प्रीमियर 2023 में कान फिल्म महोत्सव में हुआ था, जहां इसे सात मिनट का ‘स्टैंडिंग ओवेशन’ (श्रोताओं द्वारा खड़े होकर सम्मान) मिला। इसके बाद फिल्म को मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव (इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न -आईएफएफएम) और जियो मामी मुंबई फिल्म महोत्सव में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
हालांकि सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने के बावजूद प्रोडक्शन बैनर से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण फिल्म की रिलीज अटक गई थी।
भट्ट ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “हमने कभी नहीं सोचा था कि रिलीज आसान नहीं होगी। हम अभिनेता हैं, हमें अपना काम करना होता है और बड़े फैसले पेशेवर लोगों—जैसे स्टूडियो, निर्माता और निर्देशक—पर छोड़ देने होते हैं। उन्हें इन चीजों की बेहतर समझ होती है। लेकिन एक अभिनेता के तौर पर हम हमेशा चाहते हैं कि हमारा काम रिलीज हो।”
उन्होंने कहा, “आखिरकार अब फिल्म रिलीज हो रही है और इसे लेकर हम बेहद खुश और उत्साहित हैं।”
फिल्म में भट्ट शीर्ष भूमिका में हैं और अनिद्रा से पीड़ित पूर्व पुलिसकर्मी का किरदार निभा रहे हैं, जो प्रायश्चित की तलाश में भ्रष्ट व्यवस्था में उलझ जाता है। ‘केनेडी’ कश्यप और भट्ट की तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘अगली’ (2013) और ‘दोबारा’ (2022) में साथ काम कर चुके हैं।
‘केनेडी’ 20 फरवरी से ओटीटी मंच जी5 पर स्ट्रीम होगी।
भट्ट ने कहा, “यह देश के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म में से एक पर आ रही है और हम दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। लोग इसे बड़े पर्दे पर देखें या जी5 पर, हम कलाकारों को प्रशंसा की भूख होती है। दर्शक इसे देखें और पसंद करें, हमारे लिए वही सबसे बड़ी बात है।”
फिल्म में सनी लियोनी, मोहित तकलकर और अभिलाष थपलियाल भी अहम भूमिकाओं में हैं।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


