बिजली मीटर के खिलाफ अदाणी की कंपनी को ‘अनधिकृत’ पत्र भेजने पर अभियंता निलंबित

बिजली मीटर के खिलाफ अदाणी की कंपनी को ‘अनधिकृत’ पत्र भेजने पर अभियंता निलंबित

बिजली मीटर के खिलाफ अदाणी की कंपनी को ‘अनधिकृत’ पत्र भेजने पर अभियंता निलंबित
Modified Date: June 24, 2026 / 06:56 pm IST
Published Date: June 24, 2026 6:56 pm IST

ठाणे, 24 जून (भाषा) महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का विरोध करते हुए अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस को एक ‘अनधिकृत’ पत्र भेजने के आरोप में एक वरिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

दो दिन पहले भेजे गए इस पत्र में कहा गया था कि यदि घरेलू उपभोक्ताओं के मौजूदा बिजली मीटरों को उनकी पूर्व स्पष्ट सहमति के बिना स्मार्ट मीटर से बदला जाता है, तो इसके परिणामस्वरूप होने वाले किसी भी संभावित जन आक्रोश, विवाद या उपभोक्ता आंदोलनों के लिए कंपनी खुद जिम्मेदार होगी।

महावितरण के कोंकण क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त प्रबंध निदेशक द्वारा पालघर सर्कल कार्यालय के अधीक्षक अभियंता मदन सांगले को निलंबित करने का औपचारिक आदेश जारी किया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार, सांगले ने स्थापित प्रोटोकॉल की अनदेखी की और वरिष्ठ अधिकारियों से बिना किसी अधिकार या पूर्व अनुमति के सीधे कंपनी को पत्र भेज दिया।

महावितरण के शीर्ष प्रबंधन ने इस पत्राचार को गंभीरता से लिया है और इसे अनुशासनहीनता तथा प्रशासनिक पदानुक्रम का सीधा उल्लंघन करार दिया है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि अपने वरिष्ठों को सूचित किए बिना स्वतंत्र रूप से एक विरोधाभासी रुख अपनाने और इसे किसी बाहरी संस्था के साथ साझा करने के कारण सांगले के इस कृत्य को विद्युत वितरण कंपनी के आधिकारिक जनादेश के खिलाफ माना गया।

भाषा अजय सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में