बिरसी हवाई अड्डे पर निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार को लेकर एएआई अधिकारी, ठेकेदार पर मामला दर्ज

बिरसी हवाई अड्डे पर निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार को लेकर एएआई अधिकारी, ठेकेदार पर मामला दर्ज

बिरसी हवाई अड्डे पर निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार को लेकर एएआई अधिकारी, ठेकेदार पर मामला दर्ज
Modified Date: July 4, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: July 4, 2026 9:16 pm IST

नागपुर, चार जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने महाराष्ट्र के गोंदिया ज़िले में बिरसी हवाई अड्डे पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता करने तथा रिकॉर्ड में हेर-फेर कर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को 92.29 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक अधिकारी और एक ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सीबीआई की भ्रष्टाचार रोधी शाखा की नागपुर इकाई ने यह मामला एएआई के सहायक महाप्रबंधक (सिविल इंजीनियरिंग-बिरसी हवाई अड्डा) और मध्यप्रदेश के बालाघाट की मैसर्स रायसिंह एंड कंपनी के खिलाफ दर्ज किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि साजिश में शामिल होने के संदेह में अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

सीबीआई के अनुसार, यह मामला बिरसी हवाईअड्डे पर रनवे 22 के विस्तारित हिस्से की ‘ऑपरेशनल बाउंड्री’ के निर्माण और ‘डॉपलर वीएचएफ ओमनीडायरेक्शनल रेंज’ सुविधा के निर्माण से जुड़ा है।

यह ठेका 25 मई 2023 को मैसर्स ‘रायसिंह एंड कंपनी’ को दिया गया था और संबंधित काम जून 2023 एवं फरवरी 2024 के बीच हुआ।

सीबीआई का कहना है कि इस परियोजना के समग्र निर्माण प्रभारी सिंह ने कथित तौर पर ठेकेदार के साथ मिलकर माप पंजिका में हेरफेर की, काम की मात्रा को बढ़ा-चढ़ाकर उसे प्रमाणित किया और ऐसे काम के लिए भुगतान को मंजूरी दी जो ठीक से नहीं किया गया था या मंज़ूर किए गए दायरे से बाहर था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सीबीआई को यह भी पता चला कि तय सामग्री की जगह बिना मंजूरी वाली निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया। सीमेंट और स्टील जैसी जरूरी सामग्री के लिए उपयुक्त बिल भी नहीं थे।’’

एजेंसी ने कहा कि हालांकि काम की असल लागत लगभग 3.50 करोड़ रुपये थी, लेकिन गलत माप के आधार पर 4.65 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि आरोपियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, खातों में हेराफेरी और भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा राजकुमार सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में