मुंबई में ‘चॉल’ का एक हिस्सा ढहने से चार-पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
मुंबई में ‘चॉल’ का एक हिस्सा ढहने से चार-पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात भारी बारिश के बीच, तीन मंजिला ‘चॉल’ का एक हिस्सा ढह जाने से चार से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूतल सहित तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए। इसके बाद, मुंबई अग्निशमन दल (एमएफबी), पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के वार्ड कार्यालय तथा ‘108’ एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
‘चॉल’ पुराने समय की कम लागत वाली आवासीय इमारतें होती हैं, जिनमें लंबी साझा बालकनी और एक-एक कमरे वाले छोटे आवास होते हैं।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष

Facebook


