आंध्र प्रदेश में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद सरकार ने एहतियाती कदम उठाए

आंध्र प्रदेश में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद सरकार ने एहतियाती कदम उठाए

आंध्र प्रदेश में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद सरकार ने एहतियाती कदम उठाए
Modified Date: February 9, 2026 / 05:21 pm IST
Published Date: February 9, 2026 5:21 pm IST

अमरावती, नौ फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मंत्री किंजरापु अचन्नाइडु ने सोमवार को कहा कि सरकार ने कुछ इलाकों में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के मामलों की पुष्टि के बाद पक्षियों की इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं।

चित्तूर और अन्नामय्या जिलों के कुछ हिस्सों से देसी मुर्गियों की मौत की खबरें मिलीं, जिसके चलते पशुपालन विभाग ने जांच के लिए नमूने भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) को भेजे।

अन्नामय्या जिले में एवियन इन्फ्लूएंजा के मामलों की पुष्टि होने के बाद, जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों से पक्षियों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को करीब 40 पक्षियों की मौत हुई और रविवार को लगभग 50 परिंदों की जान गई।

पशुपालन मंत्री ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘सरकार पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है और अन्नामय्या जिले के सोदम मंडल के अम्मागरिपल्ली और पुट्टावरिपल्ली गांवों में मिले एवियन इन्फ्लूएंजा के मामलों को नियंत्रित करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं।’

उन्होंने कहा कि एनआईएचएसएडी प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आठ फरवरी को इस बीमारी की पुष्टि हुई, जिसके बाद मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुसार तत्काल नियंत्रण उपाय शुरू किए गए।

भाषा नोमान रंजन

रंजन


लेखक के बारे में