राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में होसबाले के बयान से सहमत हूं: मोहन भागवत

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में होसबाले के बयान से सहमत हूं: मोहन भागवत

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में होसबाले के बयान से सहमत हूं: मोहन भागवत
Modified Date: July 5, 2026 / 01:43 pm IST
Published Date: July 5, 2026 1:43 pm IST

नागपुर, पांच जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने जो कहा है, वह उससे सहमत हैं।

भागवत ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘होसबाले द्वारा जारी बयान देखिए… मेरी प्रतिक्रिया भी वही है।’’

आरएसएस प्रमुख ने एक कार्यक्रम से इतर राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर यह बात कही।

होसबाले ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा था कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना ने राम भक्तों और पूरे समाज की आस्था को ‘‘गहरी ठेस’’ पहुंचाई है।

उन्होंने कहा था कि जांच में दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

होसबाले ने दावा किया था कि ‘‘हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी ताकतें’’ इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने पूरे हिंदू समाज से अपील की कि वह ‘‘इस कठिन समय’’ में धैर्य और संयम बनाए रखे ताकि इस तरह की सभी ‘‘साजिशों’’ को विफल किया जा सके।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में