आईआईटी मुंबई के छात्र की मौत के मामले की गहन जांच होनी चाहिए: आठवले
आईआईटी मुंबई के छात्र की मौत के मामले की गहन जांच होनी चाहिए: आठवले
मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की पिछले सप्ताह हुई मौत के मामले की ‘‘गहन जांच’’ किए जाने की शुक्रवार को मांग की।
आठवले ने आईआईटी मुंबई का दौरा करने के बाद कहा, ‘‘आईआईटी में दाखिला पाने वाला हर छात्र बहुत प्रतिभाशाली और सक्षम होता है। साहिल की मौत की गहन जांच होनी चाहिए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उसने जिस तरह आत्महत्या की, उससे लगता है कि इसके पीछे कोई गंभीर कारण हो सकता है। संभव है कि किसी ने उसका अपमान किया हो और उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया हो।’’
साहिल के माता-पिता रवींद्र वाकोडे और सोनाली वाकोडे ने 18 सितंबर को अपने बेटे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर मुंबई के आजाद मैदान में बृहस्पतिवार को भूख हड़ताल शुरू की।
उन्होंने आरोप लगाया है कि साहिल को परिसर में जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा था। उन्होंने मामले की जांच तेजी से पूरी किए जाने, जिम्मेदारी तय किए जाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किए जाने मांग की है।
रवींद्र वाकोडे और सोनाली वाकोडे के वकील निखिल कांबले ने दावा किया कि साहिल के माता-पिता जब बृहस्पतिवार सुबह पवई स्थित आईआईटी मुंबई परिसर जा रहे थे, तब मुंबई पुलिस ने उन्हें भांडुप में हिरासत में ले लिया था।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


