आईआईटी छात्र आत्महत्या मामला: पुलिस ने 20 लोगों के बयान दर्ज किए

आईआईटी छात्र आत्महत्या मामला: पुलिस ने 20 लोगों के बयान दर्ज किए

आईआईटी छात्र आत्महत्या मामला: पुलिस ने 20 लोगों के बयान दर्ज किए
Modified Date: September 25, 2026 / 12:46 pm IST
Published Date: September 25, 2026 12:46 pm IST

मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस ने संस्थान के छात्रों और कर्मचारियों समेत 20 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि साहिल के फोन से किए गए कॉल का विवरण और भेजे गए संदेश हासिल करने की भी कोशिश की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग का 22 वर्षीय छात्र साहिल 18 सितंबर को परीक्षा कक्ष से निकलने के बाद सीधे अपने छात्रावास के कमरे में गया था और जब वह शाम करीब सात बजे तक बाहर नहीं आया तो दरवाजा खोला गया और वह कमरे में मृत मिला।

जिन 20 लोगों से पूछताछ की गई है, उनमें परीक्षा कक्ष में साहिल के साथ मौजूद छात्र, परीक्षा निरीक्षक और संस्थान के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।

जांच अधिकारियों ने बताया कि साहिल का मोबाइल फोन ‘पैटर्न लॉक’ से सुरक्षित है इसलिए कॉल का विवरण और संदेश तत्काल हासिल नहीं किए जा सके लेकिन फोन की ‘स्क्रीन’ पर कई ‘मिस्ड कॉल’ की सूचनाएं दिखाई दे रही थीं। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ फोन से जानकारी हासिल करने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

प्राथमिकी में नामजद आईआईटी मुंबई के संकाय सदस्य सूर्यनारायण डूला को मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अवकाश पर भेज दिया गया है। प्राथमिकी में उन पर जातिगत भेदभाव के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है।

साहिल के माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे ने बृहस्पतिवार को मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को संस्थान में बार-बार जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा और उन्होंने उसके कथित ‘‘उत्पीड़कों’’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस बीच, आईआईटी मुंबई ने अपने उस संचार को लेकर दो बार माफी मांगी है जिससे यह संकेत मिला था कि साहिल ने परीक्षा में कथित रूप से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद आत्महत्या की थी।

कुछ टीवी चैनलों ने परीक्षा कक्ष का सीसीटीवी फुटेज प्रसारित किया, जिसमें साहिल की गतिविधियां नजर आईं। फुटेज में एक प्रोफेसर उसके पास आते और कथित रूप से नकल करते पकड़े जाने के बाद उसे परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाते दिखाई दिया। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सटीक घटनाक्रम का पता लगाने के लिए अब तक दर्ज बयानों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में