केतन अग्रवाल हत्याकांड: पुलिस का दावा, ‘चौधरी का दोस्त आरोपी हांगे साजिश में था शामिल’

केतन अग्रवाल हत्याकांड: पुलिस का दावा, ‘चौधरी का दोस्त आरोपी हांगे साजिश में था शामिल’

केतन अग्रवाल हत्याकांड: पुलिस का दावा, ‘चौधरी का दोस्त आरोपी हांगे साजिश में था शामिल’
Modified Date: September 7, 2026 / 07:22 pm IST
Published Date: September 7, 2026 7:22 pm IST

पुणे, सात सितंबर (भाषा) पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में चार सितंबर को गिरफ्तार किए गए रितेश हांगे अन्य आरोपियों चेतन चौधरी एवं सिया गोयल के साथ हत्या की साजिश में शामिल था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन वह मौके पर मौजूद था या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, अग्रवाल को 18 जून को जिले के लोहागढ़ किले से उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर धक्का देकर नीचे गिरा दिया था।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में तीसरे आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया 23 वर्षीय हांगे, चौधरी का करीबी दोस्त है।

पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया, “तकनीकी साक्ष्यों और जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर यह सामने आया कि रितेश हांगे की पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश में कथित भूमिका थी। मामले की जांच से उसके खिलाफ साक्ष्य मिले हैं।”

अधिकारी ने बताया कि हांगे लगातार चौधरी के संपर्क में था और जांच में सामने आया कि चौधरी ने हत्या की साजिश को लेकर उससे चर्चा की थी और हत्या के बाद की घटनाओं समेत अन्य गतिविधियों की जानकारी भी उसे देता रहा।

गिल ने बताया, “पुलिस अभी यह पता लगा रही है कि घटना वाले दिन हांगे अपराध स्थल पर मौजूद था या नहीं। हालांकि, वह निश्चित रूप से साजिश में शामिल था।”

उन्होंने बताया कि जांच में यह पता चला कि हांगे केवल हत्या की साजिशके बारे में जानता ही नहीं था बल्कि उसने साजिश रचने में सक्रिय रूप से शामिल था।

पुलिस के अनुसार, हांगे और चौधरी कॉलेज में साथ पढ़ते थे।

पुलिस ने बताया कि हांगे सिया गोयल को भी जानता था।

गिल ने बताया कि चौधरी और हांगे के बीच किसी तरह के वित्तीय लेन-देन की जांच अभी की जानी बाकी है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में