महाराष्ट्र में कम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए कांग्रेस नेता ने विशेष राहत पैकेज की मांग की
महाराष्ट्र में कम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए कांग्रेस नेता ने विशेष राहत पैकेज की मांग की
मुंबई, सात सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता धीरज देशमुख ने महाराष्ट्र सरकार से लंबे समय तक सूखे जैसे हालात, कम बारिश और अल नीनो के प्रभाव से नुकसान झेल रहे किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की है।
लातूर ग्रामीण के पूर्व विधायक ने कहा कि कम और अनियमित बारिश, भूजल स्तर में गिरावट और मिट्टी में नमी की कमी से मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र में बारिश पर निर्भर खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है।
उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में कहा कि कई इलाकों में बुवाई में देरी हुई है, जबकि खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इससे किसान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
देशमुख ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जिला और तालुका स्तर पर फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराने और जहां जरूरी हो, वहां सूखा घोषित करने की मांग की।
उन्होंने यह भी मांग की कि मुआवजे की राशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाए, कृषि ऋणों का पुनर्गठन किया जाए, ब्याज माफ किया जाए और संकट की इस घड़ी में अनिवार्य ऋण वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


